उदयपुर। झीलों के शहर उदयपुर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल बाहुबली हिल पर सोमवार शाम अचानक लगी भीषण आग ने कुछ समय के लिए दहशत का माहौल पैदा कर दिया। पहाड़ी पर घूमने आया एक पर्यटक आग और घने धुएं के बीच फंस गया। जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी से उसका दम घुटने लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। सौभाग्य से युवक ने तबीयत बिगड़ने से पहले ही पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मदद की गुहार लगा दी। सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड, पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना में मध्यप्रदेश के रतलाम निवासी माखन सिंह (33) गंभीर रूप से धुएं की चपेट में आ गए थे। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस के जरिए महाराणा भूपाल (एमबी) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। समय रहते हुए रेस्क्यू को लेकर नगर निगम की फायर टीम की सराहना की जा रही है।

आग ने अचानक लिया विकराल रूप
जानकारी के अनुसार माखन सिंह पर्यटन के लिए उदयपुर आए हुए थे और सोमवार शाम अकेले बाहुबली हिल पर घूमने पहुंच गए। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते तेज हवा के कारण उसने विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही देर में पूरी पहाड़ी काले धुएं के घने गुबार से ढक गई।
धुएं और जहरीली गैस के कारण युवक का दम घुटने लगा। स्थिति गंभीर होते देख उसने तुरंत 100 नंबर पर कॉल कर खुद के फंसे होने की सूचना दी।

डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर टीम मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस और वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
चारों ओर फैले घने धुएं के कारण युवक को ढूंढना बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन फायर कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए पहाड़ी पर तलाश शुरू की और आखिरकार युवक को बेहोशी की हालत में ढूंढ निकाला। मौके पर ही फायर फाइटर्स ने उसे प्राथमिक उपचार और सीपीआर देकर होश में लाने का प्रयास किया, इसके बाद एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

समय पर मदद से बची जान
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को अलर्ट कर तुरंत रेस्क्यू शुरू किया गया। समय रहते युवक को अस्पताल पहुंचाने से उसकी हालत नियंत्रण में आ सकी। यदि थोड़ी भी देर होती तो धुएं में मौजूद जहरीली गैस जानलेवा साबित हो सकती थी।

गर्मी और सूखे से बढ़ रहीं आग की घटनाएं
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि इन दिनों गर्मी और जंगलों में सूखे के कारण आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि ऐसी परिस्थितियों में बिना सुरक्षा उपकरणों के आग के पास जाने या उसे बुझाने का प्रयास न करें।
उन्होंने कहा कि आग लगने पर वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड सहित कई दमघोंटू गैसें बनती हैं, जिससे व्यक्ति बेहोश हो सकता है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 100, 101 या नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 0294-2414111 पर सूचना दें।

परिजनों को दी गई सूचना
घटना के बाद पुलिस ने युवक के परिजनों को भी सूचना दे दी है। परिजन रतलाम से उदयपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

इस पूरी घटना में नगर निगम की फायर टीम की तत्परता और साहस की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। समय पर किए गए रेस्क्यू ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading