कविता पारख
24 News Update निम्बाहेड़ा। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत के वीर सैनिकों के द्वारा की गई एयर स्ट्राइक श्ऑपरेशन सिन्दूर के सफल होने पर अभियान के समर्थन में निम्बाहेड़ा विधानसभा के कनेरा कस्बे में रविवार सायं महामंडलेश्वर अनंत विभूषित ध्यान योगी महर्षि श्री उत्तम स्वामी जी महाराज एवं सांसद सीपी जोशी की विशेष उपस्थिति में तिरंगा यात्रा निकाल कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ग्राम पंचायत कार्यालय कनेरा में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ तिरंगा फहराकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया गया, जो प्रमुख मार्ग से होते हुए बस स्टैंड पर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ सम्पन्न हुई।
तिरंगा यात्रा के दौरान महामंडलेश्वर अनंत विभूषित ध्यान योगी महर्षि श्री उत्तम स्वामी जी महाराज, सांसद सीपी जोशी, विधायक श्रीचंद कृपलानी, जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी, जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, पंस प्रधान बगदीराम धाकड़, पूर्वी मण्डल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिमी मण्डल अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह शक्तावत, कनेरा मण्डल अध्यक्ष जुगल किशोर धाकड़, निम्बाहेड़ा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, सरपंच रामचंद्र मालवीय के साथ उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, पुलिस उप अधीक्षक बद्रीलाल राव, विकास अधिकारी लक्षमण लाल खटीक, तहसीलदार घनश्याम जारवर, कनेरा नायब तहसीलदार नन्दलाल सुथार, कनेरा थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह, सीबीईओ अरविंद मूंदड़ा, एवीवीएनएल सहायक अभियंता जसवंत सिंह चौधरी, सीडीपीओ दिलीप सिंह, जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता प्रहलाद जाट, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के रोहित मीणा सहित अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी हाथों में तिरंगा थाम कर देशभक्ति गीतों पर थिरकते हुए तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के समापन पर महर्षि श्री उत्तम स्वामी जी महाराज ने अपने सम्बोधन के माध्यम से आमजन को राष्ट्रहित सर्वापरि रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सैनिकों के द्वारा पाकिस्तान के विरूद्ध की गई कार्यवाही की सराहना की। इस अवसर पर महर्षि श्री उत्तम स्वामी जी महाराज ने कहा कि प्राचीन काल में महाभारत में जिस प्रकार अधर्मियों से राष्ट्र एवं जनता की रक्षा के लिए अर्जुन ने धनुष उठाकर धर्मयुद्ध लड़ा था, उसी प्रकार वर्तमान में पाकिस्तान के आतंकियों द्वारा देश की अखंडता एवं सम्प्रभुता को नुकसान पहुंचाने के लिए की गई कार्यवाही के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय वीर सैनिकों ने एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान को घुटनों पर लाकर जवाबी कार्यवाही रोकने के लिए गिड़गिड़ाने पर मजबूर कर दिया, जिसे देख सम्पूर्ण विश्व में भारत का यश बढ़ा। महर्षि श्री उत्तम स्वामी जी महाराज ने तिरंगा यात्रा के दौरान उपस्थित आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से देशहित को सर्वापरी रख विकट स्थितियों में सदैव देश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने का आव्हान किया।
इस अवसर पर सांसद सीपी जोशी ने भी संबोधित किया। विधायक कृपलानी ने तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुए सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ आमजन एवं प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में वंदे मातरम राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।

