24 News Update जयपुर 29 अप्रैल। पुलिस मुख्यालय में बुधवार को आयोजित रेंज समीक्षा बैठक के बीच एक विशेष सम्मान और विदाई समारोह का आयोजन किया गया। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में लंच के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय योगदान के लिए तीन पुलिस अधिकारियों को प्रतिष्ठित डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया और सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारी को विदाई दी गई।
समारोह के मुख्य चरण में डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा ने विभाग के तीन अधिकारियों को उनकी सराहनीय सेवाओं और विशिष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित डीजीपी डिस्क प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले अधिकारियों में भरतपुर रेंज आईजी श्री कैलाश विश्नोई, कोटा रेंज आईजी श्री राजेन्द्र प्रसाद गोयल और भीलवाड़ा के श्री दुर्गालाल ढोली शामिल रहे।
आईजी राजेन्द्र प्रसाद गोयल का सम्मान के साथ विदाई अभिनंदन
इसी कड़ी में कोटा रेंज आईजी के पद से सेवानिवृत्त हो रहे श्री राजेन्द्र प्रसाद गोयल का अभिनंदन किया गया। डीजीपी श्री शर्मा, डीजी लॉ एंड ऑर्डर श्री संजय अग्रवाल, डीजी ट्रैफिक श्री अनिल पालीवाल और
डीजी स्पेशल ऑपरेशन्स श्री आनंद श्रीवास्तव ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके पुलिस विभाग में लंबे और गौरवशाली कार्यकाल की सराहना की। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके भविष्य के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में उत्साहवर्धक माहौल
समारोह के दौरान पीएचक्यू के वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी रेंज आईजी और जयपुर व जोधपुर के पुलिस आयुक्त उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक की गंभीरता के बाद लंच के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम ने विभाग में सकारात्मकता और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम का समापन सम्मान, सराहना और भावनात्मक विदाई के साथ हुआ।

