Site icon 24 News Update

विधायक आक्या के समर्थक किसान ने सांवलियाजी को चढ़ाया चांदी का प्रेशर कुकर

Advertisements

चित्तौड़गढ़। सांवलियाजी धाम में सोमवार को एक विशेष श्रद्धा‐समर्पण का दृश्य देखने को मिला, जब विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के समर्थक किसान रामेश्वर गुर्जर ने अपनी वर्षों पुरानी मन्नत पूरी करते हुए आधा किलो चांदी से बना प्रेशर कुकर भगवान को समर्पित किया। किसान अपने गांव से करीब एक किलोमीटर का मार्ग दंडवत यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे और दर्शन किए। इस यात्रा के दौरान विधायक आक्या भी पूरे समय साथ रहे। मंदिर परिसर में समर्थकों ने तौल कार्यक्रम भी रखा, जिसमें विधायक आक्या को लगभग 95 किलो सिक्कों से तौला गया। बाद में यह सभी सिक्के भंडार में अर्पित कर दिए गए।

मन्नत थी— आक्या जीतेंगे तो करूंगा दंडवत यात्रा
किसान रामेश्वर गुर्जर ने बताया कि 2023 में विधानसभा चुनाव के समय आक्या का भाजपा टिकट कट गया था। उस मुश्किल समय में उन्होंने संकल्प लिया कि यदि आक्या निर्दलीय चुनाव जीतते हैं तो वह सांवलियाजी तक दंडवत यात्रा करेंगे।
चुनाव में जीत मिली, पर परिस्थितियों के कारण यह यात्रा दो वर्षों तक टलती रही। इस बार अवसर मिला और गुर्जर ने अपना संकल्प पूर्ण किया।

जनता की आस्था ही मेरी शक्ति – विधायक आक्या
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि निर्दलीय चुनाव लड़ना जोखिम भरा निर्णय था, लेकिन लोगों का स्नेह ही उन्हें जीत तक ले आया।
उन्होंने कहा कि दो साल बीत जाने के बाद भी समर्थकों द्वारा पूरी की जा रही मन्नतें बताती हैं कि जनता में कितना विश्वास और अपनापन है। आक्या ने वादा किया कि वह क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति देंगे।
आक्या का कहना है कि पिछले दो वर्षों में विधानसभा क्षेत्र के करीब 25 हजार लोग सांवलियाजी तक पदयात्रा कर चुके हैं और अब रामेश्वर गुर्जर का संकल्प भी पूर्ण हुआ। उन्होंने कहा कि शायद यही समय भगवान ने तय किया था।

मंदिर में भोग और प्रसादी का आयोजन
दर्शनों के बाद मंदिर में 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया गया। इसके पश्चात लगभग सात हजार भक्तों को प्रसादी वितरित की गई। पुजारियों ने सभी को चरणामृत देकर आशीर्वाद दिया।

Exit mobile version