उदयपुर। कृष्ण कुंज विहार समिति, रूपनगर-भुवाणा क्षेत्र में रविवार को रहवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें अम्बेरी-आरटीओ रोड स्थित हनुमानजी मंदिर के पास बने खतरनाक अंधे मोड़ पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई गई और समाधान पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि कॉलोनीवासियों के दैनिक आवागमन का यह मुख्य मार्ग है, लेकिन ब्रिज से नीचे उतरते समय अंधे मोड़ के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई लोग काल का ग्रास बन चुके हैं और क्षेत्रवासी रोजाना खतरे के साये में गुजरने को मजबूर हैं।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए लंबे समय से उदयपुर विकास प्राधिकरण एवं नगर विकास प्रन्यास से लगातार निवेदन किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
बैठक की अध्यक्षता श्रीमती संतोष मीणा (प्रदेश एसटी मोर्चा अध्यक्ष, भाजपा उदयपुर) ने की। बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि हनुमानजी मंदिर को कॉलोनी में UDA की खाली भूमि पर शिफ्ट किया जाता है, तो अंधे मोड़ को हटाने में मदद मिलेगी और सड़क सुरक्षित हो सकेगी।
इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित करते हुए निर्णय लिया गया कि इसे शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और कॉलोनीवासियों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है। यह जानकारी शैतान सिंह देवड़ा, अध्यक्ष, कृष्ण कुंज विहार समिति, रूपनगर-भुवाणा ने दी।

