24 News Udpate जयपुर। राजस्थान विधानसभा में एप्रोप्रिएशन बिल पर बहस का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर और सलूंबर जिलों के लिए कई महत्वपूर्ण विकास घोषणाएं कीं। इनमें बिजली ढांचे को मजबूत करने, सड़कों के चौड़ीकरण, खेल सुविधाओं के विकास और पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं। खास बात यह रही कि उदयपुर जिले की मावली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक पुष्करलाल डांगी के क्षेत्र के लिए तीन प्रमुख घोषणाएं की गईं।
मुख्यमंत्री ने उदयपुर जिले में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दो महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की। इसके तहत बछार में 33/11 केवी जीएसएस का निर्माण कराया जाएगा, जबकि उदयपुर शहर के भुवाणा क्षेत्र में बिजली निगम का सहायक अभियंता कार्यालय खोला जाएगा। इसके अलावा बड़गांव क्षेत्र के थूर (मारिच जमारी) में एनिकट निर्माण कार्य के लिए 1 करोड़ 27 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है, जिससे क्षेत्र में जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। मावली विधानसभा क्षेत्र में भी कई विकास कार्यों की घोषणा की गई। एनएच-162ए से धारता वाया लदाना-खेमपुरा तक करीब 9 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य 12 करोड़ रुपए की लागत से कराया जाएगा। साथ ही मावली क्षेत्र में 2 करोड़ रुपए की लागत से खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त लदानी में पशु चिकित्सा उपकेंद्र को क्रमोन्नत कर पशु चिकित्सालय बनाया जाएगा।
जनजाति क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए सलूंबर जिले के सोनार माता मंदिर तथा झाड़ोल क्षेत्र के पीलक में विकास और सार्वजनिक सुविधाओं के कार्य भी कराए जाएंगे। इसके अलावा सलूंबर जिले में बस्सी से सल्लाडा तक करीब 8 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 8 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
बछार में बनेगा 33/11 केवी जीएसएस, मावली में 2 करोड़ का स्टेडियम — उदयपुर-सलूंबर को सड़क, बिजली और खेल सुविधाओं की सौगात

Advertisements
