24 न्यूज़ अपडेट, डूंगरपुर। सागवाड़ा थाने के टॉप टेन अपराधियों में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीआई मदनलाल ने बताया कि अपर जिला एवं सत्र न्यायालय के रीडर दिनेश रोत ने 7 दिसंबर 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें सेमल घाटी निवासी आरोपी श्रवण, पुत्र रुमाल कनिपा, को फरार घोषित किया गया और मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मोनिका सेन के निर्देश पर सीआई मदनलाल के नेतृत्व में थाना स्तर पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई हरि सिंह, हेड कांस्टेबल वालचंद, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, रोहित सिंह, राजेंद्र, राजपाल सिंह, विपिन, और साइबर सेल के भव्यराज सिंह शामिल थे। आरोपी श्रवण कनिपा की गिरफ्तारी के लिए 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी। टीम ने मुखबिरों के जरिए जानकारी जुटाई, जिससे पता चला कि सजा के डर से श्रवण कोर्ट में पेशी के लिए उपस्थित नहीं हो रहा था और लगातार अपराध करता रहा। सूचना मिली कि वह राजस्थान में अपराध करने के बाद गुजरात भाग जाता था। पुलिस टीम ने उस पर लगातार नजर रखी और शुक्रवार को उसे अहमदाबाद, गुजरात से हिरासत में लिया। पूछताछ में श्रवण ने फरार रहते हुए कई अपराध करने की बात स्वीकार की। पुलिस का मानना है कि जांच में अन्य कई वारदातों का खुलासा हो सकता है। पूछताछ से पता चला कि श्रवण ने खेड़ा सामोर पुलिस थाना दोवड़ा, पारड़ा थुर, पाड़वा पुलिस थाना सरोदा में महिलाओं के साथ चेन स्नैचिंग, मुंगेड़ पुलिस थाना साबला में एक व्यक्ति से चेन छीनने, टामटिया पुलिस थाना में एक महिला से चेन स्नैचिंग, पिंडावल पुलिस थाना साबला, और बोड़ीगामा पुलिस थाना साबला में एक महिला से चेन छीनने की घटनाओं को अंजाम दिया। उसने ये सभी अपराध कबूल कर लिए हैं। आरोपी श्रवण कनिपा के खिलाफ पहले से ही थाना दोवड़ा में दो मामले, सागवाड़ा थाने में चार मामले, और आसपुर में बिजली अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है। वर्तमान में पुलिस उससे अन्य अपराधों के बारे में पूछताछ कर रही है और चोरी हुए माल की अधिकतम बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
5 हजार का 6 केस-धारी शातिर चेन स्नेचर, लूट करके भाग जाता अहमदाबाद

Advertisements
