24 News Update सलूंबर/उदयपुर। जावर माइंस थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान की गई नियमित नाकाबंदी पुलिस के लिए बड़ी सफलता बन गई। केवड़ा पुलिस चौकी के पास सलूंबर पुलिस, एटीएस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने रोडवेज बस में सफर कर रहे दो संदिग्ध युवकों से 46 लाख रुपये नकद बरामद किए। पैसे 500–500 के नोटों की 92 गड्डियों में भरे हुए थे।
पुख्ता मुखबिरी के बाद बस रोकी गई, दो युवक पुलिस को देखकर घबराए
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल चावला और वृताधिकारी चांदमल सिंगारिया के मार्गदर्शन में जावर माइंस थानाधिकारी नरेश कुमार अपनी टीम के साथ नाकाबंदी कर रहे थे।
इसी दौरान सूचना मिली कि उदयपुर से बांसवाड़ा जा रही एक रोडवेज बस में बड़ी मात्रा में रकम ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि पर बस को रुकवाया गया।
तलाशी में पुलिस की नजर दो युवकों पर पड़ी, जो पुलिस को देखकर घबरा गए। टीम ने उन्हें शांत तरीके से हिरासत में लिया और बैगों की जांच की तो नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई।
गिरफ्तार आरोपी—दोनों बांसवाड़ा के कुपड़ा गांव के निवासी
एसपी यादव के अनुसार गिरफ्तार युवक हैं— अनिल पुत्र लक्ष्मण पटेल नरेश पुत्र कालूजी पटेल
(दोनो निवासी—कुपड़ा, थाना बांसवाड़ा सदर) हैं। कैश के स्रोत और उसके उपयोग को लेकर दोनों से विस्तृत पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी राशि किसके पास से आई और बांसवाड़ा तक ले जाने का उद्देश्य क्या था।
जावर माइंस पुलिस का कहना है कि रकम की जब्ती के बाद अब मामला आर्थिक अपराध की दिशा ले सकता है और उसके अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।
कार्रवाई में निम्न अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही—
नरेश कुमार – थानाधिकारी जावर माइंस
राजेन्द्र सिंह – सउनि
रविन्द्रपाल सिंह
राकेश – डीएसटी सलूंबर (विशेष भूमिका)
भेराराम – डीएसटी
राजेन्द्र सिंह – एटीएस उदयपुर
सत्येन्द्र सिंह – एटीएस उदयपुर

