24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में बुधवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय सभागार में जन्तुआलय विकास ट्रस्ट की साधारण सभा बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में संभागीय आयुक्त ने वन्यजीव अभ्यारण्य, सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क आदि में तकनीक का उपयोग करते हुए पर्यटकों को बेहतरीन अनुभव मुहैया करवाने के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि अभ्यारण्य और बायोलॉजिकल पार्क में विदेशी पर्यटकों हेतु भी सहूलियत अनुसार सुविधाएं उपलब्ध करवाएं। वहीं लॉयन सफारी को भी शीघ्र प्रारंभ करवाने की बात कही। बैठक में बागदडा क्रोकोडाइल कंजर्वेशन रिजर्व के एक किलोमीटर परिधि में हो रही व्यावसायिक एवं औद्योगिक गतिविधियों से आसपास के पर्यावरण पर हो रहे प्रतिकूल प्रभावों के चलते इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजने की भी चर्चा हुई तथा ट्रस्ट को गत वर्ष हुई आय एवं व्यय के ब्यौरे का अनुमोदन भी हुआ।
जिला कलेक्टर ने कहा, मुख्य मार्गों पर लगाए साइनेज बोर्ड
साधारण सभा में चर्चा के दौरान जिला कलेक्टर नमित मेहता ने कहा कि पर्यटकों की सुविधा हेतु तथा उदयपुर के वन्यजीवों से जुड़े पर्यटन स्थलों पर ज्यादा से ज्यादा पर्यटक पहुंचे इसके लिए सभी प्रमुख मार्गों पर साइनेज बोर्ड लगाए जाएं ताकि वन्य जीव प्रेमियों एवं पर्यटकों को इन स्थानों के बारे में जानकारी मिल सके तथा वे इन स्थानों पर पर्यटन हेतु पहुंच सके, साथ ही विभिन्न स्थानों पर ब्रोशर एवं पेम्पलेट भी पर्यटकों को उपलब्ध हो जिसमें शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों से संबंधित समस्त सामान्य जानकारी उल्लेखित हो।
वर्ष 2024-25 में सज्जनगढ़ वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी में 5 लाख से अधिक पर्यटक आए 11 करोड़ की हुई आय, वर्ष 2025-26 हेतु 2 करोड़ 85 लाख के कार्यों का हुआ अनुमोदन
बैठक के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024-25 में सज्जनगढ़ वन्यजीव अभ्यारण्य में 5 लाख से अधिक पर्यटक आए जिससे ट्रस्ट को 11 करोड रुपए की आय हुई, इसी प्रकार बायो पार्क में 2 लाख 59 हज़ार पर्यटक आए जिससे 68 लाख रुपए से अधिक की आय हुई। वहीं बैठक में वर्ष 2025-26 में करवाए जाने वाले 2 करोड़ 85 लाख रुपयों की लागत के 27 कार्यों का भी अनुमोदन हुआ जिसमें प्रमुख रूप से सज्जनगढ़ वन्य जीव अभ्यारण्य के 50 हेक्टेयर क्षेत्र से लेंटाना घास उन्मूलन हेतु 18 लाख रुपए, पूर्व निर्मित पेट्रोलिंग ट्रैक एवं एक ट्रेन की मरम्मत हेतु 3 लाख रुपये, अभ्यारण्य के मेन गेट से हवाला की ओर जाने वाले रास्ते की दीवार तथा पार्किंग एरिया की दीवार की ऊंचाई बढ़ाने हेतु 35 लाख रुपए, अभयारण्य के मंडल कार्यालय, रेंज कार्यालय के संधारण एवं आधारभूत सुविधाओं के लिए 15 लाख रुपए, लायन सफारी के शेष रहे कार्यों को पूर्ण करवाने हेतु 53 लाख रुपये आदि शामिल है। बैठक में मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव एस आर यादव, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सीआर देवासी, उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना, उपवन संरक्षक वन्यजीव यादवेंद्र सिंह चूंडावत सहित ट्रस्ट के सदस्यगण मौजूद रहे
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.