24 News Update घाटोल। पंचायत समिति घाटोल में मंगलवार को पेसा मोबिलाइजर, ग्राम विकास अधिकारियों एवं प्रशासकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेसा कानून और आदिकर्मयोगी अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता मनसुख डामोर उपखंड अधिकारी ने की।
विकास अधिकारी धनपतसिंह राव ने बताया कि पंचायत समिति घाटोल क्षेत्र के 147 राजस्व ग्राम आबादी के आधार पर पेसा कानून के अंतर्गत आते हैं। भारत सरकार द्वारा इन गांवों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से आदिकर्मयोगी अभियान संचालित किया जा रहा है।
इन सभी राजस्व ग्रामों में आदि सेवा केंद्रों की स्थापना की गई है। इन केंद्रों में विलेज नोडल अधिकारी के रूप में ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ठ सहायक और विद्यालय के प्रधानाध्यापक को नामित किया गया है। प्रत्येक गांव में आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी और आदि साथी के रूप में गांव के प्रमुख 20 जनों की टीम गठित की गई है, जो स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को क्रियान्वित करने में सहयोग कर रही है।
राजस्व ग्राम सभाओं में आम नागरिकों की भागीदारी से गांव की प्रमुख आवश्यकताओं के प्रस्ताव ग्राम सभा रजिस्टर में दर्ज किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रस्तावों के आधार पर आदि कर्मयोगी मिलकर विलेज डवलपमेंट प्लान तैयार कर रहे हैं, जिसे ग्राम सभा से अनुमोदित कराया जा रहा है।
यह पहल ग्राम स्तर पर सहभागी शासन व्यवस्था और सर्वांगीण ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

