24 News Update उदयपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराए गए गहन पुनरीक्षण कार्य (SIR) के तहत मंगलवार को ASD (एब्सेंट, शिफ्टेड और डेड) मतदाताओं की ड्राफ्ट सूची जारी की गई, जिसमें उदयपुर जिले की सातों विधानसभा सीटों पर मतदाता सूची में अब तक की सबसे बड़ी कटौती सामने आई है। ड्राफ्ट के अनुसार जिले से कुल 1 लाख 95 हजार 748 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिससे मतदाता संख्या में बड़ा बदलाव दर्ज किया गया है।
स्थान परिवर्तन बना सबसे बड़ा कारण
ड्राफ्ट सूची में नाम कटने के पीछे सबसे प्रमुख वजह मतदाताओं का एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट होना रहा। आंकड़ों के अनुसार 1 लाख 27 हजार 517 मतदाता स्थान परिवर्तन के कारण सूची से बाहर हो गए, जबकि 42 हजार 439 मतदाताओं की मृत्यु दर्ज की गई। इसके अलावा 13 हजार 641 नाम डुप्लीकेट पाए गए, 11 हजार 106 मतदाता संबंधित पते पर अनुपस्थित मिले और 1 हजार 45 मतदाताओं के नाम अन्य कारणों से हटाए गए।
शहर और ग्रामीण सीटों पर सबसे ज्यादा असर
एसआईआर का सबसे बड़ा असर उदयपुर शहर और उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में देखने को मिला। उदयपुर शहर सीट से 44 हजार 563 मतदाताओं के नाम कटे हैं, जबकि उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से 41 हजार 576 वोट कम हुए हैं। इन दोनों सीटों पर हुई भारी कटौती ने शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में मतदाता आधार के सिमटने के संकेत दिए हैं।
करीब 27 हजार मतदाता अभी भी पेंडिंग
ड्राफ्ट सूची में करीब 27 हजार मतदाता ऐसे हैं जिनकी मैपिंग एसआईआर के दौरान पूरी नहीं हो पाई। इन मतदाताओं ने प्रक्रिया तो करवाई, लेकिन वर्ष 2002 के पारिवारिक विवरण, मतदान केंद्र की जानकारी या आवश्यक दस्तावेज अपडेट नहीं कराए। ऐसे मतदाताओं को अब बीएलओ के माध्यम से नोटिस जारी किए जाएंगे और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
जिले में मतदाता संख्या में बड़ा अंतर
एसआईआर से पहले उदयपुर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 19 लाख 62 हजार 340 थी, जो ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद घटकर 17 लाख 66 हजार 592 रह गई है। ड्राफ्ट के अनुसार जिले में कुल 9 लाख 11 हजार 817 पुरुष और 8 लाख 54 हजार 759 महिला मतदाता दर्ज किए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार यह है ड्राफ्ट स्थिति
ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 51 हजार 692, झाड़ोल में 2 लाख 67 हजार 345, खेरवाड़ा में 2 लाख 87 हजार 064, उदयपुर ग्रामीण में 2 लाख 55 हजार 810, उदयपुर शहर में 2 लाख 08 हजार 385, मावली में 2 लाख 45 हजार 217 और वल्लभनगर में 2 लाख 51 हजार 979 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
16 दिसंबर से 15 जनवरी तक दावा–आपत्ति का मौका
जिला कलेक्टर नमित मेहता ने बताया कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद 16 दिसंबर से 15 जनवरी तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। जिन मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, वे फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र भरकर आवेदन कर सकते हैं।
युवा मतदाताओं को अग्रिम आवेदन की सुविधा
कलेक्टर ने बताया कि 1 अप्रैल 2026, 1 जुलाई 2026 और 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता भी अग्रिम रूप से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। ड्राफ्ट सूची को लेकर जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी है।

