जयपुर। राजस्थान हाउसिंग बोर्ड की वेबसाइट के दो दिन से ओवर ट्रैफिक होने से जाम हो जाने से कई लोग आवेदन नहीं कर सके थे। 9 शहरों में निकाली 3001 मकानों की स्कीम के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया थम गई थी। अब बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर बताया गया है कि आवेदन की तारीख को एक महीने और आगे अर्थात 15 मई तक बढ़ा दिया है। बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण आवेदकों के रजिस्टर्ड ई-मेल पर वैरिफिकेशन के लिंक तक नही जा पा रहे थे इससे फॉर्म भरने की आगे की प्रक्रिया आगे ही नहीं बढ़ पा रही थी। हाउसिंग बोर्ड ने 15 मार्च को प्रदेश के 9 शहरों में 10 से ज्यादा आवासीय योजनाएं लॉन्च की थी। इसमें आवेदन की आखिरी तारीख 15 अप्रैल तक ही थी। लेकिन एक सप्ताह से वेबसाइट पर तकनीकी खराबी के कारण लोग चक्कर घिन्नी हो गए थे। बोर्ड के नंबर पर शिकायत तक नहीं हो पा रही थी क्योंकि फोन भी बंद कर दिया गया था।
ये नंबर बार-बार स्विच ऑफ आ रहे थे जिससे हाउसिंग बोर्ड की कार्य प्रणाली पर ही सवालिया निशान लग रहे थे। बोर्ड प्रशासन ने जो आदेश जारी किया है उसमें केवल उन योजनाओं के आवेदन की तारीख बढ़ाई है, जिनमें आवेदन की संख्या आवासों की संख्या से भी कम है। नागौर, हनुमानगढ़, धौलपुर, भिवाड़ी, किशनगढ़ के अलावा जयपुर की प्रताप नगर स्कीम शामिल है।
हाउसिंग बोर्ड की साइट जाम, कुछ योजनाओं में आवेदन अब 15 मई तक

Advertisements
