पूछा: सफाई कर्मी, ऑटो टिपर नियमित रूप से आते हैं या नहीं, लापरवाही पाए जाने पर दिए कार्रवाई के निर्देश
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और द्वारका नगर में घर-घर जाकर कलक्टर ने जाना क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का हाल
24 न्यूज़ अपडेट राजसमंद 13 फरवरी। स्वच्छता को लेकर जिले में गत कुछ महीनों में विशेष बदलाव परिलक्षित हुए हैं। जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा स्वच्छता पर विशेष जोर दे रहे हैं जिनसे कम समय में ही जिले में सफाई व्यवस्था बेहतर हुई है। निरंतर समीक्षा के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं कोई कमी न रहे।
जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा गुरुवार को शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और द्वारका नगर में औचक ही सुबह-सुबह 7 बजे पहुंच गए। जिला कलक्टर के साथ नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान कलक्टर ने घर-घर जाकर लोगों से सफाई व्यवस्था को लेकर धरातलीय फीडबैक लिया।
इस दौरान आमजन ने बड़ी संख्या में नियमित सफाई कर्मचारियों एवं ठेकेदार के माध्यम से लगे सफाई कर्मचारियों के समय पर नहीं आने की शिकायत जिला कलक्टर को दी जिस पर उन्होंने संबंधित जमादार और एसआई के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाने तथा ठेकेदार पर पैनल्टी लगाने के लिए आयुक्त बृजेश राय को हाथों-हाथ निर्देश प्रदान किये। इसके साथ ही फीडबैक के दौरान लोगों ने कचरा संग्रहण वाहन (ऑटो टिपर) समय पर नहीं आने की भी शिकायत दी जिस पर भी जिला कलक्टर ने संबंधित ठेकेदार पर पेनल्टी लगाने तथा पाबंद करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर हाउसिंग बोर्ड स्थित सामुदायिक भवन और सार्वजनिक पार्क भी पहुँच गए। यहाँ उन्होंने दोनों जगहों पर मरम्मत और रंग रोगन को लेकर आयुक्त को निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में साफ-सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जिलेभर में नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को को निर्देश दिए हैं कि सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, अस्पतालों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कचरा प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी बनाने, नालियों की सफाई समय पर कराने और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
कलक्टर ने आमजन से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और अपने आसपास के क्षेत्रों को गंदगी मुक्त रखें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह शहर की सुंदरता और पर्यटन को भी बढ़ावा देता है। सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि स्वच्छता से संबंधित सभी योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन हो सके।

