Site icon 24 News Update

शिल्पग्राम उत्सव 21 से, पहले दिन 3 बजे बाद फ्री एंट्री, पहली बार राज्यपाल बागड़े बजाएंगे उद्घाटन का नगाड़ा, 800 लोक कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

Advertisements

“रिदम ऑफ इंडिया“ और “कलर ऑफ इंडिया“ से होगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत, महाराष्ट्र के गणपत सखाराम मसगे और राजस्थान के रूप सिंह शेखावत को कोमल कोठारी पुरस्कार

24 न्यूज अपडेट. उदयपुर। शिल्पग्राम उत्सव की शुरुआत 21 दिसंबर को लोक कलाओं के संयोजनात्मक प्रस्तुति से होगी। राज्यपाल राजस्थान और अध्यक्ष पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के हरिभाऊ किसनराव बागड़े, नगाड़ा बजाकर उत्सव के उद्घाटन की घोषणा करेंगे। इस वर्ष समारोह की थीम “लोक के रंग लोक के संग“ रखी गई है। मुख्यतया लोक कलाओं की प्रस्तुतियों के लिए जाने वाले इस उत्सव में देश भर की उत्कृष्ट लोक कलाओं का प्रदर्शन होगा। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक ने बताया कि उदयपुर का शिल्पग्राम उत्सव संभवतः देश का अकेला ऐसा उत्सव है जहां पर लोक कलाओं के लिए दर्शक इतने उत्साह से जुड़ते हैं। इस बार के अवार्ड महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग के रहने वाले कठपुतली और चित्र कथी के कलाकार श्री गणपत सखाराम मसगे और राजस्थान के जयपुर के भवई कलाकार डॉ. रूपसिंह शेखावत को दिया जाएगा। इस पुरस्कार में प्रत्येक को एक रजत पट्टिका के साथ ही 2.51 लाख रुपए की राशि दी जाती है। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पहला ऐसा केंद्र है जिसने लोक कला के क्षेत्र में इतनी बड़ी राशि का पुरस्कार देना आरम्भ किया। ये पुरस्कार राजस्थान के प्रसिद्ध कला मर्मज्ञ डॉ. कोमल कोठारी जी की स्मृति में दिया जाता है।
इस उत्सव में करीब 20 राज्यों (राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखण्ड, असम, मेघालय, पश्चिमी बंगाल, उड़ीसा, मणिपुर, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, जम्मू कश्मीर, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु) से करीब 800 लोक कलाकार भाग लेंगे। इस दस दिवसीय उत्सव में करीब 65 कला दलों द्वारा देश की विभिन्न हिस्सों की सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की जाएगी। थड़ों पर बहरूपिया, कच्छी घोड़ी, कच्छी लोक गायन, राठवा, सुंदरी वादन, अल्गोजा वादन, गवरी, मशक वादन, मांगणियार, चकरी, तेरह ताल, कालबेलिया आदि का प्रदर्शन दिनभर किया जाएगा। मेले में बहुरूपी कला का प्रदर्शन भी होगा जिसके लिए बहुरुपिए कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है। साथ ही शिल्पग्राग में 12 राशियों के चिन्ह विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। इन राशि चिन्ही को देश के युवा मूर्तिकारों द्वारा पत्थर में विशेष रूप से शिल्पग्राम उत्सव के लिए तराशा गया है। पूर्व में तराशे गए वाद्य यंत्र तो दर्शकों को लुभा ही रहे हैं।
इसके अलावा विभिन्न राज्यों के जनजातीय मुखौटे भी प्रदर्शित किए जाएंगे जिन्हें कलाकारों ने शिल्पग्राम में आयोजित कार्यशाला में तैयार किया है। गवरी के चरित्रों को साकार करते हुए पुतले भी दर्शकों को लुभाएंगे इनका निर्माण बगाल से विशेष रूप से बुलाए गए कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। संगम हॉल में केन्द्र की ओर से विभिन्न शिविरों में बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी तथा कई अन्य आकर्षण भी जोड़े जाएंगे। शिल्पग्राम के मुख्य द्वार को गुजरात की पारंपरिक पिथोरा चित्रकारी से सजाया गया है।
हिवड़ा री हुक :
22 से 29 दिसंबर तक “हिवड़ा री हूक“ कार्यक्रम बंजारा मंच पर दोपहर 12 से 4 बजे तक होगा जिसमें दर्शकों द्वारा प्रस्तुति व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। इस कार्यक्रम में मेले में आए दर्शक भी अपनी प्रस्तुति दे सकेंगे। सांस्कृतिक प्रश्नोतरी का सही उत्तर देने वाले व्यक्ति को शिल्पग्राम मेमेंटो दिया जाएगा।
प्रथम दिवस की प्रस्तुतियां
रिदम ऑफ इंडिया“ और “कलर ऑफ इंडिया“
“रिदम ऑफ इंडिया“ में लगभग 50 वाद्य यंत्रों की एक सिम्फनी प्रस्तुत की जाएगी उसके पश्चात 14 राज्यों के लगभग 200 कलाकारों द्वारा एक कोरियोग्राफ्ड नृत्य प्रस्तुत किया जायेगा जिसे “कलर ऑफ इंडिया“ का नाम दिया गया है और जिसे तैयार कर रहे हैं प्रसिद्ध कोरियोग्राफर सुशील शर्मा। प्रतिदिन अलग अलग मंचों पर लोक नृत्यों की दिनभर प्रस्तुति रहेगी तथा शाम को 6 बजे से मुख्य मंच पर विशेष कार्यक्रम होंगे। इस बार मुख्य प्रस्तुतियों में भारत के कई राज्यों के लोक नृत्यों को आमंत्रित किया है। 10 दिवस में 65 लोक कला दलों के लगभग 800 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे ।
श्री गणपत सखाराम मसगे (कठपुतली एवं चित्रकली)
श्री गणपत सखाराम मसगे सिंधुदुर्ग महाराष्ट्र के रहने वाले है। उन्होंने बचपन से ही पिताजी के साथ कठपुतली एवं चित्रकथी जैसी कला को सीखा तथा इसमें अपना भविष्य तलाशा। महाराष्ट्र की इस लुप्त होने वाले कला को पूरे भारत वर्ष में पहुंचाया। इस कला के पुरातन अवशेषों को संभालते हुए इन्होंने पुरातन अवशेषों का छोटासा म्यूजियम भी बनाया है। चमड़े की पुतूल एक आदिम कला है। यह कला उस समय से अस्तित्व में आई जब मनुष्य जंगल में रहते थे और जानवरों का शिकार करते थे। इस तरह की कला के लिए शिकार किए गए जानवरों की खाल का उपयोग किया जाता था। भारत के विभिन्न हिस्सों में रहने वाली आदिवासी जनजातियों ने इस कला को संरक्षित किया है। यह कला जो महाराष्ट्र में कहीं और नहीं पाई जाती है और भारत में भी दुर्लभ होती जा रही है। कठपुतली कला (चमड़े की पुतूल) को बढ़ावा देने हेतु लगभग 75 से अधिक शिष्य बनाए है, जो इस कला के मूल रूप को ना बदलते हुए पपेट के नए-नए कार्यक्रम बनाए जो समाज प्रबोधन के हित में थे। चित्रकथी के पेंटिंग को नया रूप देकर उसके साथ अलग-अलग प्रोडक्ट बनाए जिसकी डिमाण्ड बहुत ज्यादा है। इन कठपुतली एवं चित्रकथी कलाओं के करीब 3000 से अधिक शो कर चुके है। ठाकरवाडी, पिंगुळीच्या अंगणात, महेश केल्सुकर लोकगंगा सहित कई किताबों में लेख छपे है। भारत सरकार से राष्ट्रपति पुरस्कार संगीत नाटक अकादमी, कलवंल पुरस्कार, अखिल भारतीय मराठी नाट्य सम्मेलन का विशेष पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ पुलिस पाटिल पुरस्कार, चैत्र चाहूल का ध्यास पुरस्कार, पारंपरिक कठपुतली पुरस्कार, कला सम्मान पुरस्कार, आदिवासी गिरीजन पुरस्कार, भरतमुनि पुरस्कार सहित कई अवाडों से नवाजा गया है।
मेले में आमंत्रित कला दल
रॉफ (जम्मू कश्मीर), बीटू (असम), दैडिया (उत्तर प्रदेश), नटुवा (उत्तर प्रदेश), यांगटा व स्टिक (मेघालय), लावणी (महाराष्ट्र), लाई हारोबा (मणिपुर), चरी (राजस्थान), रायबेंसे (पश्चिमी बंगाल), पूजा कुनीता (कर्नाटक), भपंग (राजस्थान), भवई (राजस्थान), तलवार रास (गुजरात), राठवा (गुजरात), पुरुलिया छाऊ (पश्चिमी बंगाल), छपेली (उत्तराखण्ड). सौंगी मुखवटे (महाराष्ट्र), संभलपुरी (ओडिशा), लुड्डी (पंजाब), भांगडा (पंजाब), सिद्धि धमाल (गुजरात), मांगणियार गायन (राजस्थान), घूमर (हरियाणा), देखणी (गोवा), घोडे मोढ़नी (गोवा), कालबेलिया (राजस्थान), स्किट, पण्डवाणी गायन (छत्तीसगढ़), नगाडा वादन, मेवाती गैर (राजस्थान), बाऊल संगीत (पश्चिमी बंगाल), कच्छी घोड़ी (राजस्थान), अल्गोजा वादन (राजस्थान), गवरी (राजस्थान), कच्छी लोक गायन (गुजरात), तेरह ताली (राजस्थान), सुंदरी वादन (महाराष्ट्र), मशक वादन (राजस्थान), लाल आंगी गैर (राजस्थान), कथक, सहरिया स्वांग (राजस्थान), सिरमोरी नाटी (हिमाचल प्रदेश), देडिया (राजस्थान), गोटिपुआ (ओडीशा), पुंग ढोल चोलम (मणिपुर), मल्ल खंभ (महाराष्ट्र), कावड़ी कड़गम (तमिलनाडु), संभलपुरी (ओडीशा), मयूर नृत्य (राजस्थान), डांग (गुजरात) आदि कलादल शामिल है।
डॉ. कोमल कोठारी स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट लोक कला पुरस्कार : डॉ. रूप सिंह शेखावत (भवाई लोक नृत्य)
डॉ. रूप सिंह शेखावत जयपुर के रहने वाले है जिन्होंने राजस्थानी लोक नृत्य भवाई को विश्व पटल पर लाने का कार्य किया। साथ ही चरी, घूमर, तेरहताली के भी विख्यात कलाकार है। कलाक्षेत्र में उनको 50 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। गुरू शिष्य परंपरा के तहत ’अवाई लोक कला संस्थान, जयपुर द्वारा छात्र-छात्राओं को भवाई नृत्य की शिक्षा प्रदान की जा रही है। इनके द्वारा ताईवान में 1000 बालिकाओं को घूमर नृत्य की शिक्षा भी प्रदान की गई है। उदयपुर में रहकर उन्होंने भवाई कला को पारंपरिक तरीके से सीखा। जापान, दुबई, टोक्यो, साउथ अफ्रीका, जेनेवा, सिंगापुर, चीन, हॉगकॉग सहित लगभग 40 से ज्यादा देशों में अपनी प्रस्तुतियां दे चुके है। इन्हें राजस्थानी संगीत नाटक अकादमी, महाराजा ईश्वर सिंह अवार्ड, गौरव अवार्ड, लोक सम्राट अवार्ड, संगीत राज अवार्ड, विसारद अवार्ड, जय प्रकाश माथुर अवार्ड आदि से नवाजा गया है।

Exit mobile version