24 न्यूज अपडेट. जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस राजेंद्र प्रकाश सोनी (56) का कल देर रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। कल रात को ही सीने में दर्द व घबराहट के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां पर इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जस्टिस राजेंद्र प्रकाश सोनी 16 जनवरी 2023 को राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायधीश बने थे। उनके निधन की खबर आत ेही कई जज व एडवोकेट हॉस्पिटल पहुंचे। आज दोपहर में उनका अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि जज सोनी पाली के जैतारण के रहने वाले थे। राजस्थान न्यायिक सेवा में चयनित होकर करियर की शुरुआत की। पिता रामचंद्र सोनी व्यवसायी और माता परमेश्वरी देवी गृहणी हैं। सोनी ने वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश के रूप में भी कार्य किया। वे अजमेर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भी रहे। वर्ष 2010 में नियमित जिला न्यायाधीश बनने के बाद, भरतपुर, जयपुर शहर, जोधपुर, नाथद्वारा और उदयपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में कार्य किया। वे जिला एवं सत्र न्यायाधीश के तौर पर उदयपुर और राजसमंद में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी भी रहे। जोधपुर में राजस्थान उच्च न्यायालय की मुख्य पीठ में रजिस्ट्रार (प्रशासन) के रूप में भी पोस्टेड रहे। प्रमोशन से पहले डूंगरपुर, सिरोही, जालोर, उदयपुर और कोटा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रहे। सोनी ने 16 जनवरी, 2023 को राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
राजस्थान हाईकोर्ट के जज की हार्ट अटैक से मौत, उदयपुर में भी रहे अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश

Advertisements
