24 न्यूज अपडेट. जयपुर। सरकार अब राशन की दुकानों पर चने की दाल की बिक्री शुरू करने जा रही है। यह दाल 60 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से मिल पाएगी। चना दाल 1 किलोग्राम के पैक में उपलब्ध करवाई जाएगी। सरकार ने जिला रसद अधिकारियों से प्रस्ताव मांगे हैं कि उनके यहां बिक्री के लिए कितना चना दाल की जरूरत है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की जारी स्टेंडर्ड ऑपरेशन प्रोसीजर के तहत राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम की ओर से मांग के आधार पर चना दाल का आवंटन भारत सरकार से करेगी। भारत सरकार के एफसीआई गोदाम से चना का उठाव करवाकर उसकी दाल बनाकर राशन की दुकानों, विभाग की एजेंसियों को उपलब्ध करवाई जाएगी। अभी चना दाल बाजार में 70 से लेकर 80 रुपए किलोग्राम के बीच मिल रही है। बारिश में इसके दाम बढ़ने की आशंका है, जो 90 से 95 रुपए तक हो सकती है। ऐसे में कीमतों पर कंट्रोल रहे इसके लिए सरकार ने ये कदम उठाया है। अगर दाल की थोक खरीद होती है तो प्रति किलोग्राम 5 रुपए का फायदा होगा। 30 किलोग्राम का कट्टा या बैग खरीदने पर दाल 55 रुपए का भाव पडेगा।
राजस्थान में 60 रुपए किलो में मिलेगी चना दाल, राशन की दुकानों पर 1 किलो का पैक बेचा जाएगा, 30 किलो का कट्टा खरीदने पर भी फायदा होगा

Advertisements
