Site icon 24 News Update

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों में डिप्लोमा कोर्स के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, अंतिम तिथि 5 जुलाई

Advertisements

24 News Update उदयपुर, 19 जून। राजस्थान में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। राज्यभर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों में तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। उदयपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, जोगी तालाब सहित समस्त संस्थानों में विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण का एक सशक्त अवसर प्राप्त हो रहा है।
डिप्लोमा प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता दसवीं कक्षा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। वहीं, द्वितीय वर्ष (पार्श्व प्रवेश) में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को दो वर्षीय आईटीआई (समकक्ष ट्रेड में) अथवा 12वीं कक्षा विज्ञान एवं गणित विषयों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य सी.एस. टाक ने बताया कि उदयपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान में सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग जैसी प्रमुख तकनीकी शाखाएं संचालित हैं। ये कोर्सेज विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावसायिक दक्षता प्रदान करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि डिप्लोमा द्वितीय वर्ष (पार्श्व प्रवेश) हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है, जबकि प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन 20 जून 2025 से प्रारंभ किए जा सकेंगे।
आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी राजस्थान तकनीकी शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://www.dte.rajasthan.gov.in पर जाकर विस्तृत दिशा-निर्देश, पाठ्यक्रम की जानकारी एवं प्रवेश विवरणिका का अवलोकन कर सकते हैं।

Exit mobile version