24 न्यूज़ अपडेट नेशनल डेस्क। देशभर में मौसम में ठंडक घुली हुई है। बर्फ सी हवाएं शूल सी चुभ रही है। हिमाचल में ढाई फीट बर्फ की चादर है तो 340 सड़कें बंद हो गई हैं। उत्तराखंड में एवलांच का अलर्ट जारी किया गया है। कश्मीर में फंसे पर्यटकों के लिए मस्जिद-घरों में पनाह देकर लोगों का दिल जीत लिया। वास्तव में यही हमारे प्यारे भारत देश की सच्ची पहचान भी है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी का असर राजस्थान तक हो रहा है। तापमान लगातार गिर रहा है। हिमाचल में 340 सड़कों पर आवाजाही बंद है। कई जगह पर तो ढाई फीट से भी ज्यादा बर्फ जमा होने से टूरिस्ट फंस गए हैं। बर्फबारी के चलते श्रीनगर-लेह रोड बंद हो गई है। स्कूल कॉलेज बंद है।। 2 हजार से अधिक वाहन फंसे हुए है।। गांदरबल, सोनमर्ग, पहलगाम, गुंड, बारामूला समेत कई जगहों पर तापमान माइनस 10 से 22 डिग्री तक पहुंचा है। उत्तराखंड के चमोली में अगले 24 घंटों में 3 हजार मीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर एवलांच अर्थात बर्फ के पहाड़ के ढहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया हैं बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पांडुकेश्वर-बद्रीनाथ के बीच बर्फबारी के कारण बंद है। इधर कश्मीर मेंएक फीट तक बर्फबारी भी हुई, जिससे करीब 2 हजार पर्यटक अलग-अलग जगहों पर बुरी तरह से फंस गए। स्थानीय कश्मीरियों ने इन लोगों को मुसीबत में देख कर अपने घर और मस्जिद के दरवाजे खोल दिए व इन्हें रुकने की जगह दी, कंबल रजाई के साथ खाने-पीने का गर्म सामान दिया। इस पर भावुक हुए लोगों ने शुक्रिया कहा व बोले कि वे इसे जिंदगीभर याद रखेंगे। दूधपखरी में फंसे 9 पर्यटकों में से एक राजेश राजपूत ने मीडिया से कहा कि बर्फबारी में हम 4 घंटे फंसे रहे। गाड़ी नहीं चला सकते थे। शाम होने लगी और तापमान गिरने लगा तो अनीस अहमद और उनके परिवार के लोग आए और हमें साथ ले गए। उन्होंने हमारा जो ख्याल रखा, हमेशा याद रहेगा। कश्मीर के गुंड के गांवों में करीब 1 हजार पर्यटक विभिन्न स्थानीय लोगों के घरों में दो दिन से रुके हुए हैं। जामिया मस्जिद पर्यटकों के लिए खोली गई। यहीं अपने परिवार के साथ रुकीं कविता मोइत्री ने बताया कि हम सोनमर्ग से लौट रहे थे, तभी बर्फबारी में फंस गए। लोगों ने हमें मस्जिद में जगह दी। फिर गरमागरम तेहरी खिलाई। यह यादगार था। गुंड निवासी शेख अनीस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बर्फबारी होने लगी। जो लोग सोनमर्ग से लौट रहे थे, वो फंस गए। 10 स्थानीय परिवार एक साथ मदद को आगे आए। हम पर्यटकों तक पहुंचे। उन्हें गाड़ियों से निकाला और घर ले आए। शनिवार शाम को उन्हें श्रीनगर रवाना किया। अभी भी गुंड में 15-16 घरों में पर्यटक रुके हुए हैं।
राजस्थान के मौसम का हाल
राजस्थान के कई जिलों में हल्की बारिश देखने को मिली. भीलवाड़ा और शाहपुरा जिले में बीते दो दिन से कहीं मूसलाधार तो कहीं रिमझिम बारिश हुई. बारिश के बाद एकाएक ठंड का प्रकोप बढ़ गया है. सोमवार को अचानक कोहरा भी बढ़ गया है. कोहरा ज्यादा होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आमजन ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं.। कई शहरों में तो विजिबिलिटी 30 मीटर से भी कम हो गई है। जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, चूरू, श्रीगंगानगर, बाड़मेर, जयपुर, कोटा, अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर, सीकर सहित तमाम शहरों में कोहरे के कारण गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। कड़ाके की ठंड के साथ गलन है। मौसम विभाग ने सोमवार को 12 जिलों में कोहरे और शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। उधर, बारिश का दौर थमने के साथ ही राजस्थान में सर्दी तेज हो गई है। जयपुर, सीकर, चूरू, अजमेर समेत कई शहरों में रात का मिनिमम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। कोहरे और कोल्ड-वेव के चलते सोमवार सुबह कड़ाके की सर्दी का एहसास हुआ। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 3-4 दिन राजस्थान में इसी तरह की सर्दी रहने की संभावना जताई है। साथ ही न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट होने की संभावना जताई है। कल सबसे ज्यादा दिन का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस फलोदी में दर्ज हुआ। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस, जालौर में 24, जैसलमेर, जोधपुर में 23, चित्तौड़गढ़ में 22.6, डूंगरपुर में 21.8, जयपुर में 17.9, अजमेर में 19.3, अलवर में 17.2, उदयपुर में 20.7 और कोटा में 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसी प्रकार सीकर 6.5, जयपुर 6, पिलानी 5.8, अजमेर 6.5, भीलवाड़ा 6.2, कोटा 4.6, उदयपुर 7.8, चूरू 6.1, सिरोही 5, फतेहपुर 6.5 और करौली में 5 डिग्री तक न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई।

