Site icon 24 News Update

पीएम के प्रस्तावकों में पप्पू चाय वाले और लंका पान की दुकान वाले का नाम

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में 1 जून को मतदान होगा. पीएम मोदी लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं. वह 14 मई को वाराणसी लोकसभा सीट से पर्चा दाखिल करेंगे। इस बार पीएम के नामांकन के प्रस्तावक तय हो गए हैं। इनमें पप्पू चाय वाला भी शामिल है। पीएम मोदी के नामांकन को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। करीब 50 लोगों ने पीएम मोदी का प्रस्तावक बनने की इच्छा जताई थी, जिनमें से 18 लोगों को चुना गया। प्रस्तावकों की सूची में शास्त्री गायिका पद्मश्री सोमा घोष, शास्त्रीय गायक पंडित राजेश्वर आचार्य, पद्म पुरस्कार विजेता किसान चंद्रशेखर, विश्वनाथ प्रसाद सिंह उर्फ पप्पू चाय वाले, लंका स्थित पान की दुकान के मालिक केशव चौरसिया, नाविक समाज से जुड़े कुछ लोग और कुछ अन्य शामिल किए गए हैं। भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के नामांकन को बड़ा इवेंट बनाने की तैयारी में जुट गई है। 12 मुख्यमंत्री, 20 केंद्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होने जा रहे है। पीएम मोदी पर्चा भरने से एक दिन पहले कल सोमवार को वाराणसी में मेगा रोड शो करेंगे। 6 किमी लंबा रोड शो बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से शाम 4 बजे शुरू होगा और काशी विश्वनाथ मंदिर तक पहुंचकर खत्म होगा. इस दौरान वाराणसी के लोग उनका स्वागत करेंगे। पीएम मोदी लंका चौराहे से सोनारपुरा, गोदौलिया, बांसफाटक से गुजरते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी पहुंच चुके हैं। रोड शो के लिए भाजपा ने 10 लाख लोगों को जुटाने को लक्ष्य रखा है. इसके लिए काशी की पूरी जनता को खुला निमंत्रण दिया गया है. यह पहली बार है जब पीएम मोदी के रोड शो के लिए वाराणसी के आम लोगों को न्योता दिया गया है।

Exit mobile version