Site icon 24 News Update

तैयारियां पूरी, राजपाट का फैसला कल, उदयपुर में 112 टेबल पर 166 राउंड गिनती कल, सुबह साढ़े 8 बजे बाद रूझान शुरू, बाहर भी नतीजों के लिए लगेगी स्क्रीन

Advertisements

24 न्यूज अपडेट. उदयपुर। जिसका था इंतजार वो घड़ी बस आने ही वाली है। लोकसभा चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह शुरू होगी। उदयपुर लोकसभा सीट को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। आज अधिकारियों ने सभी तैयारियों की समीक्षा की। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के आर्टस् कॉलेज परिसर में होगी। गणना को लेकर निर्वाचन विभाग और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।एक दिन पहले तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। सभी तैयारियों की समीक्षा की गई। उदयपुर लोकसभा सीट के लिए आठ विधानसभा क्षेत्रों की सीटों की गणना 112 टेबल पर होगी और कुल 166 राउंड होंगे। सबसे पहले डाक मत पत्रों की गणना होगी। इसके बाद विधानसभा वार ईवीएम से मतों की गिनती की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि मतगणना दलों का अंतिम रेण्डमाईजेशन 4 जून को सुबह 5 बजे होगा। इसके बाद ही मतगणना दलों में शामिल कार्मिकों को गणना के लिए टेबल आवंटित की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा के लिए दो-दो कक्ष तय किए हैं तथा प्रत्येक कक्ष में 14-14 टेबल लगाई गई हैं। प्रत्येक टेबल पर एक गणन पर्यवेक्षक (राजपत्रित), एक गणना सहायक तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। गणना के दौरान खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सर्वाधिक 23 राउंड होंगे। धरियावाद व सलूम्बर के लिए 22-22, गोगुन्दा व झाडोल के लिए 21-21, उदयपुर ग्रामीण व आसपुर के लिए 20-20 तथा उदयपुर शहर विधानसभा के लिए 17 राउंड में गणना प्रस्तावित है। मतगणना के परिणामों की सूचना आमजन तक पहुंचाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए राउंड वार मतगणना परिणामों की घोषणा माइक से की जाएगी। इसके अलावा इनकोर पोर्टल पर भी राउंड वार घोषित रूझानों को ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा।

Exit mobile version