
24 न्यूज अपडेट चित्तौड़गढ़, 12 जून। जिला निष्पादन समिति की समीक्षा बैठक बुधवार को जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कार्यों, छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन योजनाओं आदि की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलेक्टर की शिक्षा में नवीन पहल ‘मिशन निपुण चित्तौड़गढ़’ का शुभारंभ एवं मार्गदर्शिका का विमोचन किया गया।
जिला कलक्टर ने विद्यालयों में भवन, शौचालय, चारदीवारी, आदि कार्यों की समीक्षा की और कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकार की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, एसएमसी व एसडीएमसी की बैठक समय पर आयोजित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएमएफटी फंड, नाबार्ड योजना तथा मुख्यमंत्री जन सहभागिता योजना के अंतर्गत विद्यालयों में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला कलक्टर के नियमित निरीक्षण के माध्यम से योजनाओं की क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने गत बैठक की कार्यवाही विवरण पेश किया और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति से जिला कलक्टर को अवगत कराया। इस अवसर पर एसीईओ राकेश पुरोहित, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक कल्पना शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक राजेंद्र शर्मा, जिले ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
‘मिशन निपुण चित्तौड़गढ़’ का शुभारंभ एवं मार्गदर्शिका का विमोचन
जिला कलेक्टर आलोक रंजन की शिक्षा में नवीन पहल ‘ मिशन निपुण चित्तौड़गढ़ ‘ का शुभारंभ एवं मार्गदर्शिका का विमोचन बुधवार को ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में किया गया। इस मिशन के माध्यम से जिले में शिक्षा को बुनियादी स्तर पर सुदृढ़ बनाने हेतु शिक्षक क्षमता संवर्धन पर आधारित समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि जिले के समस्त शिक्षा अधिकारियों, पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों, संस्था प्रधान एवं प्राथमिक कक्षाओं में अध्यापन कराने वाले शिक्षकों को संबलन प्रदान करने हेतु निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों पर आधारित मिशन निपुण चित्तौड़गढ़ की शुरुआत की जा रही है। जिले के समस्त विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 3, 4 और 5 के सभी विद्यार्थियों में बुनियादी भाषा और गणित (FLN) के लक्ष्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से हासिल करने हेतु मिशन निपुण चित्तौड़गढ़ की कार्य योजना को चरणबद्ध रूप से क्रियान्वित करना है। उन्होंने कहा कि हम सभी के साझा प्रयासों से शैक्षणिक नवाचारों पर आधारित इस पहल को अमल में लाकर जिले को निपुण जिला बनाना शैक्षिक जगत में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.