24 न्यूज अपडेट. झुंझुनूं। झुंझुनूं में अजीब वाकया हुआ। श्मशान घाट में चिता पर लेटा व्यक्ति अचानक जिंदा हो गया। शरीर हिलने लगा और सांसें चलने लगी। एंबुलेंस को बुलाया गया व जिला अस्पताल वापस ले जाया गया। आईसीयू वार्ड में अब युवक का इलाज चल रहा है। हालत स्थिर है और वो जिंदा है। अब प्रशासन जाग उठा है। खबर सुनते ही इनक्वायरी शुरू हो गई। जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने बीडीके हॉस्पिटल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी सहित 3 डॉक्टर्स को निलंबित कर दिया। बताया गया कि झुंझुनूं जिले में मां सेवा संस्थान के बगड़ स्थित आश्रय गृह में रहने वाले रोहिताश (25) की गुरुवार दोपहर तबीयत बिगड़ गई। युवक अनाथ हैं और मूकबधिर है। तबीयत बिगड़ने पर झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में लेकर आए। हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने गुरुवार दोपहर 2 बजे मृत घोषित किया था। बॉडी को मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस को बुलाकर पंचनामा बनाया और शव को एंबुलेंस की मदद से श्मशान ले जाया गया। पंच देव मंदिर के पास स्थित श्मशान घाट पर रोहिताश की बॉडी को चिता पर रखा ही था कि उसकी सांस चलने लगी और शरीर हिलने लगा। यह देखकर वहां मौजूद सभी लोग डर गए। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस बुलाकर रोहिताश को अस्पताल ले गए। इस मामले में कलेक्टर के आदेश पर तहसीलदार महेंद्र मूंड, सामाजिक अधिकारिता विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पवन पूनिया अस्पताल आए। पीएमओ डॉ. संदीप पचार की मौजूदगी में करीब 1.30 घंटे तक डॉक्टरों की बैठक हुई। कलेक्टर ने रात करीब 10.30 बजे पीएमओ डॉक्टर संदीप पचार, सामाजिक अधिकारिता विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पवन पूनिया सहित अन्य अधिकारियों को अपने घर पर बुलाया। जांच के लिए कमेटी गठित की गई। मेडिकल डिपार्टमेंट के सचिव को जानकारी दे दी गई है। देर रात जिला कलेक्टर ने जिंद युवक को मृत बताने वाले डॉ योगेश जाखड़, डॉ नवनीत मील और पीएमओ डॉ संदीप पचार को सस्पेंड कर दिया। निलंबन के दौरान संदीप पचार को मुख्यालय जैसलमेर सीएमएचओ रहेगा। डॉ योगेश जाखड़ का मुख्यालय सीएमएचओ बाड़मेर व डॉ नवनीत मील का मुख्यालय सीएचएचओ जालोर रहेगा।
चिता पर चलने लगी युवक की सांसें, 3 डाक्टर सस्पेंड, 2 घंटे डीप फ्रीजर में रखने के बाद लाए थे शव

Advertisements
